



ब्यूरो : जिला कंज्यूमर फोरम ने मॉडल टाउन स्थित क्लोव डेंटल क्लीनिक व उसके सर्जन को 50 हजार का हर्जाना ठोका है। इसमें 45 हजार शिकायत करने वाली महिला पेशेंट को हर्जाने व केस खर्च के तौर पर देने हाेंगे, जबकि 5 हजार फोरम के लीगल एड अकाउंट में जमा कराने होंगे। पुरानी होशियारपुर रोड स्थित हरदीप नगर की ज्योति गुप्ता ने फोरम को शिकायत दी कि उनके दांत में बहुत दर्द हो रहा था। इसे दिखाने के लिए वो माडल टाउन स्थित क्लोव डेंटल क्लीनिक में गए। उनके दांत का एक्सरे करवाने के बाद वहां सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद उन्हें कहा गया कि 72 घंटे में सूजन ठीक हो जाएगी और 15 दिन बाद टांके हटा दिए जाएंगे। इसके बावजूद उनका दर्द ठीक नहीं हुआ और उनके मुंह में सूजन बढ़ने लगी। जिससे उनका मुंह तक नहीं खुल रहा था। जब वह डॉक्टर से मिले तो उन्होंने कहा कि उनके मुंह के अंग नए सिरे से आकार ले रहे हैं, इसलिए दिक्कत हो रही है। 15 दिन के बाद सब ठीक हो जाएगा। इसके बावजूद कुछ ठीक नहीं हुआ तो उन्होंने कई डॉक्टरों को दिखाया। जिसमें पता चला कि उनकी हड्डी फ्रैक्चर हुई है और जबड़े की नस डैमेज हुई है, जिस वजह से उन्हें दर्द हो रहा है। इस मामले में फोरम ने क्लोव डेंटल क्लीनिक व वहां के सर्जन को नोटिस निकाला लेकिन वो सुनवाई में शामिल नहीं हुए। इसलिए उनका पक्ष नहीं आ सका। जिसके बाद फोरम ने ज्योति गुप्ता की लगाई दूसरे डॉक्टरों की ओपीनियन रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि क्लोव डेंटल क्लीनिक व सर्जन ने उन्हें सही सेवाएं नहीं दी।







