



बयुरो : फगवाड़ा के पलाही रोड पर स्थित ग्रीन एवेन्यू में वीरवार शाम घरेलू विवाद के चलते बहसबाजी के बाद ससुर ने बहू के पारिवारिक सदस्यों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में बहू की बहन की गोलियां लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहू का पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक लड़की की पहचान मेहरजोत कौर के रूप में हुई है। वहीं वारदात में अमरीक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले इलाज के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा में लाया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। वारदात की सूचना मिलने के बाद SP सर्बजीत सिंह बाहिया, DSP परमजीत सिंह व थाना सदर के SHO संजीव कुमार पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और जानकारी हासिल की। पुलिस ने मृतक लड़की मेहरजोत कौर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा के हवाले कर दिया है। पुलिस ने पूरी वारदात को लेकर आरोपित ट्रांसपोर्टर सुरेश गोगना के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है व उसके कब्जे से पिस्तौल भी जब्त कर ली है।
बताया जाता है कि हत्या की वारदात पुलिस कर्मचारियों की मौजूदगी में हुई। पुलिस को दिए बयान में प्रभजोत ने बताया कि उसकी शादी पंजाब वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के एक्सईएन सन्नी गोगना के साथ हुई थी। उसने आरोप लगाया कि उसके पति का विभाग में ही तैनात एक महिला एक्सईएन से संबंध है। जिसे लेकर उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा था और उसका पति व उसके पारिवारिक सदस्य उसे परेशान करते थे और वे चाहते थे कि वह सन्नी को तलाक दे दे। उसका ससुराल परिवार उसे घर से बाहर नहीं जाने देता था। प्रभजोत ने पुलिस को बताया कि वह अपना परिवार बचाना चाहती थी, इसलिए वह अपने पिता अमरीक सिंह व माता मनप्रीत कौर को बुलाया था। प्रभजोत ने आरोप लगाया कि उसका पति अकेला कनाडा जाना चाहता था और उसे शक था कि उसका पति उस महिला को भी कनाडा ले जाएगा। इस लिए उसने भी पति के साथ कनाडा जाने की बात कही। इसे लेकर करीब 3-4 दिन से उनके घर में झगड़ा चल रहा था। प्रभजोत ने वीरवार को अपने पिता अमरीक सिंह को यह बात बताई तो उसके पिता ने इसे लेकर उसके ससुर सुरेश गोगना से बात की। इस पर उसने आपस में बैठकर बात करने की बात कही। इसे लेकर वीरवार को पिता अमरीक सिंह, माता मनप्रीत कौर और बहन मेहरजोत कौर पटियाला से फगवाड़ा पहुंचे। आपसी बैठक दौरान प्रभजोत ने बताया कि जब वह अपने बच्चे को लेकर बाहर आने लगी तो ससुर सुरेश गोगना ने उससे बच्चा छीन लिया और कोठी के अंदर ले गया। इसे लेकर उसने 112 नंबर पर शिकायत की और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रभजोत कौर ने आरोप लगाया कि उसके ससुर सुरेश गोगना ने घर के बाहर खड़े उसके पिता अमरीक सिंह, माता मनप्रीत और बहन मेहरजोत कौर पर पड़ोसियों की मौजूदगी में अपनी रिवाल्वर से फायर करने शुरू कर दिए और बहन मेहरजोत कौर को गोली लग गई जिससे वह गिर पड़ी। जबकि पिता भी जख्मी हो गए। प्रभजोत कौर ने आरोप लगाया कि उसके ससुर सुरेश गोगना ने उसके पति सन्नी गोगना व ससुराल परिवार की शह पर जख्मी किया है। जब वह इन्हें सिविल अस्पताल लेकर गई तो डाक्टरों ने उसकी बहन मेहरजोत कौर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पिता अमरीक सिंह को ईलाज के लिए जालंधर रेफर कर दिया।
ससुर व पति समेत 6 लोगों पर केस
थाना सदर एसएचओ संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्रभजोत कौर के बयानों पर उसके ससुर सुरेश गोगना, पति सन्नी गोगना, सास नीलम गोगना, ननद रूपाली गोगना व इसके पति चेतन सहित उस महिला अधिकारी के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है, जिसके साथ प्रभजोत अपने पति सन्नी गोगना के संबंध होने के आरोप लगा रही है।







