Home Crime जालंधर : 2 मर्डर, लूट Night Curfew दौरान, पढ़ें

जालंधर : 2 मर्डर, लूट Night Curfew दौरान, पढ़ें

बयूरो : जालंधर में नाईट कर्फ्यू दौरान 3 वारदातें सामने आई है जहां सोमवार रात शहर के बस्ती बावा खेल इलाके में एक नाबालिग युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और वहीं जिंदा रोड पर नाले में एक अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया। होशियारपुर रोड पर स्थित जिले के कठार इलाके में बदमाशों ने पेट्रोल पंप लूट लिया।

बस्ती बावा खेल के न्यू राज नगर की ठेके वाली गली में 17 वर्षीय धर्मप्रीत अटवाल की सोमवार रात 9.30 बजे लोहे की राड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि धर्मप्रीत के भाई का इलाके के ही कुछ लोगों के साथ विवाद हो रहा था। धर्मप्रीत बीच-बचाव करने पहुंच गया। इस दौरान हमलावरों ने धर्मप्रीत के सिर पर लोहे की राड से वार कर दिया। लोग उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के करीब दो घंटे बाद सिविल अस्पताल में पहुंचे एसीपी बलविंदर सिंह ने बताया कि जांच में अभी पुलिस सिर्फ बच्चे का नाम और उसके घर का पता निकाल पाई है। हत्या किसने की, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस राड से हत्या की गई, उसे भी पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। लोगों से पूछताछ की जा रही है।

जिंदा रोड पर नाले में एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर तेजधार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही एडीसीपी हरप्रीत सिंह बैनीपाल, एसीपी नार्थ राजिंदर सिंह, थाना मकसूदां व करतारपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। देर रात तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। प्राथमिक जांच में उसकी उम्र 35 वर्ष के करीब बताई जा रही है और वह किसी दूसरे राज्य का निवासी है। हत्या 24 घंटे पहले की गई है क्योंकि शव अभी गला नहीं था।

वहीं होशियारपुर रोड स्थित कठार में कार सवार लुटेरों ने पेट्रोल पंप लूट लिया। पुलिस अधिकारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 8.45 बजे गुरमीत फिलिंग स्टेशन कठार पर 3 युवक कार में पहुंचे और पेट्रोल पंप पर काम करने वाले उत्तर प्रदेश के मूल निवासी मधु से पैसों का बैग मांगने लगे। मधु ने जब पैसे देने से मना किया तो उन लोगों ने हवाई फायर किया। इस दौरान एक लुटेरे ने पेट्रोल पंप कर्मचारी से पैसों से भरा बैग और मोबाइल छीन लिया तथा फिर तीनों लुटेरे कार में सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार बैग में पेट्रोल पंप कलेक्शन के पांच से सात हजार रुपये थे। पुलिस पंप और आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगालने में जुट गई है।