

ब्यूरो : नाइट कर्फ्यू के दौरान कार्यक्रम करवाने और 20 की जगह 100 लोग इकट्ठा करना जालंधर के दो पैलेस मालिकों को भारी पड़ा। पुलिस ने तारा पैलेस व धनोवा पैलेस के खिलाफ कोरोना नियम न बरतने पर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। ASI अजयपाल सिंह ने बताया कि नहर पुली बस्ती बावा खेल से उन्हें सूचना मिली कि 120 फुटी रोड स्थित तारा पैलेस में रात करीब 12 बजे कोई कार्यक्रम हो रहा था। जिससे शोर शराबे की आवाज भी आ रही थी। जब कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के मुताबिक 9 बजे से नाइट कर्फ्यू शुरू होता है। इसके बावजूद तारा पैलेस के मालिक जसवीर सिंह ने कार्यक्रम कर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन किया है। जिसके आरोप में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वही ASI चमन लाल ने बताया कि अड्डा कोटली थान सिंह से उन्हें सूचना मिली कि गांव पूरनपुर स्थित धनोवा पैलेस में कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें 100 के करीब महिलाएं व पुरुष इकट्ठा हो रखे हैं। कोरोना के चलते यहां सिर्फ 20 लोग ही इकट्ठा हो सकते थे। पुलिस ने इसे जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन करार देेते हुए धनोवा पैलेस के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।







