

ब्यूरो : मुहल्ला प्रेम नगर में बन रही विवादित अवैध इमारत का मामला तूल पकड़ चुका है। इस मामले मेंं एक विधायक तथा मुहल्ला प्रेम नगर निवासी आमने सामने हैं। जिसमे एक विधायक मुहल्ले में बन रही अवैध इमारत को खुलकर संरक्षण दे रहे हैं जबकि इलाकावासी इस इमारत का अवैध निर्माण बंद करवाने के लिए नगर निगम में दर्जनों शिकायतें दर्ज करवा चुके है बावजूद इसके सैक्टर 8 के बिल्डिंग इंस्पैक्टर दिनेश जोशी काम बंद नहीं करवा पाए। कल इस मामले में मुहल्लावासी डिप्टी कमिशनर के दरबार पहुंचे मगर वह किसी कारणवश नहीं मिल सके। आज इलाकावासियों ने बिल्डिंग विभाग के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने की शिकायत डिप्टी कमिशनर को सौंपने की तैयारी की है जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचने के क्यास लगाए जा रहे है।
कल दोपहर बिल्डिंग विभाग के इंस्पैक्टर दिनेश जोशी ने दयाल इंडस्ट्री की छत पर लैंटर डालने के लिए की जा रही शटरिग का काम बंद करने के लिए चेतावनी दी थी मगर इसके बाद भी देररात तक शटरिंग का काम चालू रहा। इसके बाद कमिशनर करनेश शर्मा को मुहल्लावासियों ने व्हाट्सएप पर मौके की वीडियो भेज काम बंद करवाने की गुहार लगाई। जिसके बाद आज दोपहर बिल्डिंग इंस्पैक्टर दिनेश जोशी पुलिस पार्टी के साथ पहुंचे और सख्ती से काम बंद करवाने के लिए कहा।
इसी दौरान वहां एक विधायक भी पहुंच गए उन्होने बिल्डिंग इंस्पैकटर से कहा कि काम रिहायशी ही किया जा रहा है न कि कमर्शियल। इलाकावासी जानबूझ कर दुकानदार को परेशान कर रहे हैं। इस बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल का रिहायशी नक्शा पास करने के लिए आनलाईन अप्लाई किया है। बिल्डिंग इंस्पैक्टर दिनेश जोशी ने कहा कि शुक्रवार दोपहर तक लैंटर नहीं डाला गया था सिर्फ शटरिंग का काम ही किया जा रहा था जिसे रुकवा दिया गया है और दयाल इंडस्ट्री के मालिक से लिखिततौर पर एफिडेविट लिया गया है कि वह बिना नक्शा पास करवाए लैंटर नहीं डलवाएंगे। अगर ऐसा होता है तो बिल्डिंग सील कर दी जाएगी।







