

ब्यूरो : पंजाब में महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर की हकीकत पहले ही दिन सामने आ गई। एक महिला टू-व्हीलर पर बस में चढ़ने के लिए पीछे भागती रही। ड्राइवर को कई बार रुकने के इशारे भी किए लेकिन बस नहीं रुकी। आगे जालंधर कैंट एंट्री के पास बस रूकी और महिला टू-व्हीलर से उतरकर चढ़ने लगी तो बस वाला उसे आगे-पीछे करने लगे। जैसे ही महिला ने बस में चढ़ने की कोशिश की तो उसने बस चला दी। जिसके बाद वह बस के पहिए के नीचे आने से बाल-बाल बची। यह पूरी घटना सोशल मीडिया यूजर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। जिसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि वह स्नेपचैट का वीडियो बना रहा था, तब देखा कि यह महिला 15 मिनट से बस का पीछा कर रही थी। हालांकि पंजाब रोडवेज की बसों के ड्राइवरों की यह करतूत पहली बार नहीं है। पहले भी पास वाले स्टूडेंट्स के लिए बसें नहीं रोकी जाती थी। पंजाब की कैप्टन सरकार की महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा सिर्फ पंजाब के भीतर ही है। पंजाब के भीतर सफर के लिए उन्हें जीरो रुपए की टिकट काटकर दी जा रही है। अगर कोई महिला यात्री जालंधर से चंडीगढ़ जाना चाहती है ताे उन्हें मोहाली तक की टिकट फ्री दी जाएगी लेकिन मोहाली से चंडीगढ़ तक के 20 रुपए देने हाेंगे। इसी तरह अगर कोई बस पंजाब से बाहर जाती है तो वहां का किराया देना होगा। पंजाब की सरकारी बसों में मुफ्त सफर के लिए महिला के पास आधार कार्ड या वोटर कार्ड होना जरूरी है। यह इसलिए है, क्योंकि यह सुविधा सिर्फ उन्हीं महिलाओं के लिए है, जो पंजाब में रहती हैं।







