

बयुरो : पंजाब में हिन्दु मन्दिर एक्ट की मांग को लेकर 101 शहरों में भगवा चेतना रथयात्रा 13 अप्रैल से लेकर 31 मई तक निकाली जायेगी। इस बाबत टीम मन्दिर एक्ट के प्रतिनिधियों मनोज नना ने कहा कि पंजाब में सरकारी दखल के कारण और ताकतवर भूमाफिया द्वारा हिन्दु धर्मस्थलों की हो रही दुर्दशा को सुधारने के लिए पंजाब का अल्पसंख्यक हिन्दु समाज पिछले काफी समय से अपने धर्मस्थलों को सरकार और भूमाफिया से मुक्त करवाने के लिए पंजाब में हिन्दु मन्दिर एक्ट की मांग कर रहा है। इस एक्ट का पूरा नाम देवालय देवस्थान प्रबंधन एक्ट है जिसे हिन्दु मन्दिर एक्ट के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनावों से पहले हमसे वायदा किया था कि उनकी सरकार बनने पर पंजाब में हिन्दु मन्दिर एक्ट बनाया जायेगा। जिस पर हिन्दु वेल्फेयर बोर्ड द्वारा सरकार को हिन्दु मन्दिर एक्ट के ड्राफ्ट और मांगपत्र सौंपा गया था, परन्तु सरकार के कार्यालय के 4 साल बीत जाने के बाद भी आज तक यह कानून नही बनाया गया। जिसको लेकर पंजाब के हिन्दु समाज ने 4 मार्च को भगवा ध्वज लगी 400 गाड़ियों के काफिले के साथ चंडीगढ़ में भगवा मार्च किया। सरकार द्वारा निमंत्रण के बाद 12 मार्च को टीम मन्दिर एक्ट के प्रतिनिधियों की बैठक मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार के साथ हुई। जिसमें प्रतिनिधियों की बात से सहमत होते हुए।

अगली मीटिंग मुख्यमंत्री से करवा कर मसले का हल करने का प्रस्ताव सुरेश कुमार ने दिया। जिसे टीम ने स्वीकार कर लिया। कोविड की स्थिति का हवाला देते हुये सरकार ने अगली मीटिंग लंबित कर दी। इसके बाद टीम मन्दिर एक्ट ने पंजाब के 101 शहरों में जाकर हिन्दु मन्दिर एक्ट के विषय पर अपने धर्मस्थलों का प्रबंध हिन्दु समाज का अधिकार पर समाज के जनजागरण के लिए 13 अप्रैल वर्ष प्रतिपदा वैशाखी वाले दिन से भगवा चेतना रथयात्रा निकालने का निर्णय किया है। भगवा चेतना रथयात्रा की जानकारी देते हुए, महंत, रवि कांत जी ने कहा कि सभी शहरों में लोकल संयोजकों की नियुक्ति करके हर शहर में लोकल टीम मन्दिर एक्ट तैयार कर दी गई है। यह रथयात्रा 13 अप्रैल को पटियाला से शुरू होकर पंजाब के 101 शहरों से होते हुये 31 मई को मोहाली जिले में सम्पन्न होगी। इस रथयात्रा सम्बन्धी सरकार द्वारा उचित प्रबंध के लिए विस्तृत जानकारी अधिकृत रुप से मुख्यमंत्री कार्यालय को 25 मार्च को दे दी गई है। जिसके हिन्दु मन्दिर एक्ट मुहिम के प्रभाव से पंजाब सरकार द्वारा अगले ही दिन 26 मार्च शाम को ब्राह्मण वेल्फेयर बोर्ड की नोटिफिकेशन जारी करके राज्यपाल को भेज दी गई। पंजाब सरकार द्वारा ब्राह्मण वेल्फेयर बोर्ड के गठन का टीम मन्दिर एक्ट स्वागत करती है। तूफान गिरी, महाराज ने कहा कि सरकार तुरन्त विशेष सत्र बुला कर हिन्दु मन्दिर एक्ट का बिल पास करके राष्ट्रपति को भेजे, अगर कोई राजनीतिक पार्टी या दल विधानसभा में इस हिन्दु मन्दिर एक्ट का विरोध करता है तो भी हिन्दु समाज आने वाले चुनावों में उसका जवाब देगा, परन्तु अगर सरकार ने इस बिल पर कोई कोताही की तो हिन्दु समाज सरकार में मौजूद पार्टी को भी आगामी चुनावों में उचित जवाब दे।






