
ब्यूरो : पंजाब के वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल द्वारा सोमवार को विधानसभा में पेश किए 2021-22 के बजट को मात्र वादों का पुलिंदा करार देते हुए आप की जालंधर जिला प्रधान राजविंदर कौर ने कहा कि बजट में किए गए अधिकांश वादे दिल्ली की केजरीवाल सरकार द्वारा पहले ही लागू किये जा चुके हैं और राज्य में आप की सरकार बनने पर दिल्ली की तर्ज पर सभी नीतियों को पंजाब में भी लागू किया जाएगा। राजविंदर कौर ने कहा कि अपने चार वर्ष के शासनकाल में कैप्टन सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। उन्होने कहा कि कोरोना दौरान भी लोगों को वादे अनुसार बिजली के बिलों में कोई राहत नहीं दी गई। उन्होने कहा कि पहले गत विधान सभा चुनावों दौरान लोगों से किए गए वादों को पूरा करें। उन्होने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर वित्तमंत्री मनप्रीत बादल ने खजाने का मुंह खोल हुए दिया है। वित्त मंत्री ने साल 2021-22 के लिए राज्य का 1,68,015 करोड़ रुपए का बजट कर सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है जिसमें छठा पे-कमीशन लागू करने का ऐलान किया है। इसके अलावा पंजाब में वृद्धा पेंशन 750 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का ऐलान किया गया। पंजाब में एससीएटी लड़कियों की शादी के दौरान राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली राशि आशीर्वाद स्कीम को 21000 रुपए से बढ़ाकर 51000 रुपए किया गया। जिला प्रधान ने कहा कि बजट में नई घोषणाएं करना अच्छी बात है लेकिन मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह अपने पुराने वादों को पूरा करें जिसमें उन्होने युवाओं को मोबाईल फोन देने, गरीब लोगों को मकान देने, राज्य से नशा और माफिया खत्म करने का वादा शामिल है। उन्होने कहा कि पंजाब सरकार एक भी वादा पूरा नहीं कर सकी है। उन्होने कहा कि महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा आम आदमी पार्टी का कंसैप्ट है जिसे वह पंजाब में भी लागू करेंगे।







