Home Punjab लुधियाना : बाल श्रमिकों को मुक्त कराने गयी टीम खाली हाथ लौटी

लुधियाना : बाल श्रमिकों को मुक्त कराने गयी टीम खाली हाथ लौटी

लेबर विभाग ने होली के अगले दिन ही रखी रेड

ब्यूरो : जिला लुधियाना को बाल श्रम मुक्त बनाने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा के दिशा निर्देशों पर सहायक श्रम कमिश्नर के नेतृत्व में तहसीलदार नवदीप सिंह को कमान सौंपी गई। डिप्टी डायरेक्टर फैक्टरी नरिंदर पाल सिंह व तहसीलदार नवदीप सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने थाना फोकल पॉइन्ट के अंतर्गत फेज 4 व ढंढारी इंडस्ट्रियल एरिया C में रेड की। रेड दौरान टीम को दोनों जगहों पर फैक्टरियां बंद मिली। जानकारी मुताबिक उक्त शिकायत नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के संगठन बचपन बचाओ आंदोलन ने 5 मार्च को दी थी, जिस पर लगभग एक माह बाद कार्यवाही की गई। इस मामले में बचपन बचाओ आंदोलन के दिनेश कुमार ने बताया कि माननीय पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा बनाये एक्शन प्लान के मुताबिक शिकायत मिलने के 24 घण्टे के अंदर कार्यवाही को यकीनी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि होली के अगले दिन फैक्टरियों में लेबर को छुट्टी होती है इसकी जानकारी कम से कम संबंधित विभाग को तो होनी ही चाहिए थी। उन्होंने आगे बताया कि आज की कार्यवाही हेतु लेबर विभाग द्वारा 10 बजे का समय दिया गया था लेकिन हमेशा की तरह सेहत विभाग व रेवेन्यू विभाग की तरफ से देरी होने के कारण आज की छापामार कार्यवाही सेहत विभाग की वजह से दोपहर 2 बजे के बाद शुरू हो सकी। टीम में शामिल बाकी विभागों के अधिकारियों को हर बार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक इंतजार करना पड़ता है। दिनेश ने बताया कि इस संबंध में बचपन बचाओ आन्दोलन जिला अधिकारी को शिकायत कर अनुरोध करेगा कि छापामार कार्यवाही जिला टास्क फोर्स कमेटी के चेयरमैन के दफ्तर से शुरू हो, ताकि भविष्य में रेड समयानुसार शुरू हो और कानून मुताबिक विभागों की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। हर माह जिला टास्क फोर्स कमेटी की समीक्षा हो सके। इस रेस्क्यू टीम में तहसीलदार नवदीप सिंह, सहायक डायरेक्टर फ़ैक्टरी नरिंदर पाल सिंह, प्रदीप कुमार, लेबर इंस्पेक्टर नेहा गुप्ता, आत्मजोत, सेहत विभाग से डॉक्टर शिखा, शिक्षा विभाग से दलजीत सिंह, नगर निगम से हरपाल निमाना, एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग विंग की पुलिस फोर्स के साथ चाइल्ड लाइन से प्रिंस व बचपन बचाओ आंदोलन की टीम मौजूद थी।