


बयुरो : नगर निगम में मेयर – पार्षद और अफसरों में चल रहे विवाद के बीच अब विज्ञापन और तहबाजारी ब्रांच के सुपरिटेंडेंट मंदीप सिंह के खिलाफ नई शिकायत सोशल जस्टिस फोरम ने की है। फोरम के चेयरमैन संजय मल्होत्रा द्वारा निगम कमिश्नर करणेश शर्मा को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदीप सिंह ने शास्त्री मार्केट चौक पर निगम की 18 दुकानों परकब्जा करवा दिया है।
ये दुकानें जिन लोगों को अलॉट की गई थीं उन्होंने आगे दुकानें सबलेट कर दी हैं। संजय मल्होत्रा ने कहा कि निगम से आरटीआई में दी गई जानकारी अनुसार इन दुकानों पर करीब 44 लाख रुपए का किराया बकाया है, लेकिन इनसे बकाया किराए की वसूली की बजाय कई दुकानों के बरामदे पर भी कब्जा हो रखा है।
फोरम ने मांग की है कि मंदीप सिंह पर कार्रवाई की जाए। उधर , मंदीप सिंह का कहना है कि शास्त्री मार्केट सहित निगम के दूसरे साइट पर बनी दुकानों को खाली कराने के लिए हाईकोर्ट में 5 केस चल रहा है, जिन लोगों ने दुकानें सबलेट कर रखी हैं।
इसमें से कई प्रॉपर्टी को लेकर निगम के पक्ष में कोर्ट का फैसला आने के बाद उनसे किराया वसूला गया है। इन दुकानों को लेकर हाईकोर्ट जो भी फैसला देगी, उसके अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।







