
ब्यूरो : डिप्स स्कूल, भोगपुर में प्रवासी भारतीय दिवस (एनआरआई डे) मनाया गया। इसमें विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पोस्टर मेकिंग और पीपीटी गतिविधि का आयोजन किया गया। गतिविधि के दौरान बच्चों ने बताया कि करियर और अपनी जिंदगी बनाने की चाह में भारत से बाहर निकलकर दुनिया के अन्य देशों में जाकर बसे लोगों को ही प्रवासी भारतीय कहा जाता है। दुनिया के 110 देशों में करोडों अप्रवासी भारतीय अपना जीवन व्यतीत कर रहे है। यह भारतीय लोग अपने देश से दूर होकर भी कभी दूर नहीं होते है और विदेशी धरती पर अपने देश का नाम रोशन करते है।
टीचर्स ने बच्चों को बताया कि हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 9 जनवरी को आजादी की जंग का हिस्सा बनने के लिए दक्षिण अफ्रीका से भारत वापस आए थे। इसलिए भारत सरकार द्वारा इस दिन हर साल प्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाता है।
प्रिंसिपल गुरवीन ने बताया कि इस दिन को मनाने का मुख्य मकसद अप्रवासी भारतीयों की भारत के प्रति सोच, भावना की अभिव्यक्ति, देशवासियों के साथ सकारात्मक बातचीत के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। विश्व के सभी देशों में अप्रवासी भारतीयों का नेटवर्क बनाना तथा युवा पीढ़ी को अप्रवासियों से जोड़ना है। विदेशों में रह रहे भारतीय श्रमजीवियों के जीवन में आने वाली कठिनाइयां सुनना और उन्हें दूर करने का प्रयत्न करना है।










