
– उधर श्री दरबार साहिब पहुंच रहे सीएम चन्नी, रंधावा ने गठित की एसआईटी
ब्यूरो : श्री दरबार साहिब में घटी बेअदबी की घटना को निंदनीय बताते हुये पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने इस घटना की जांच के लिए डी.सी.पी. लॉ एंड आर्डर के नेतृत्व में सिट बना दी है और यह सिट इस घटना सम्बन्धी दो दिनों के अंदर – अंदर रिपोर्ट पेश करेगी। स. रंधावा जिनके पास गृह विभाग भी है, ने यह बात आज यहाँ पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुये कही। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संदर्भ में पुलिस लाइन अमृतसर में सिविल और पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग की। मीटिंग में आई. जी. बार्डर रेंज मोहनीश चावला, पुलिस कमिशनर डा. सुखचैन सिंह गिल, डिप्टी कमिशनर स. गुरप्रीत सिंह खैरा, एस. एस. पी ग्रामीण राकेश कौशल समेत अन्य भी अधिकारी उपस्थित थे। इस मौके पर शिरोमणि कमेटी की तरफ़ से स. रजिन्दर सिंह मेहता, हरजाप सिंह सुलतानविंड और सुखदेव सिंह भूराकोना भी उपस्थित थे।
स. रंधावा ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि दोषी करीब प्रातः काल 11.30 बजे से ही दरबार साहिब के अंदर था और परिक्रमा में लेटा रहा जिससे लगता है कि वह किसी मकसद से ही यहाँ आया हुआ था। बेअदबी घटना के दोषी की अभी तक कोई पहचान नहीं हुई है और दोषी का पोस्ट मार्टम भी जल्द करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि श्री दरबार साहिब और बाहर बाज़ारों में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को भी जाँचा जा रहा है कि दोषी किस रास्ते से आया और इसके साथ और कौन था। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी और सरकार मिल कर इस घटना की पूरी जांच करेगी।
एडीशनल DGP ने लिखित निर्देश दिए है कि सभी पुलिस कमिश्नर एस.एस.पी. रोजाना धार्मिक स्थलों खासकर श्री ‘ गुरुद्वारा साहिब की सुरक्षा व्यस्था का जायजा लेंगे। सभी अधिकारी और एस. एच. ओ. अपने एरिया के श्री गुरूद्वारा साहिब की मैनेजमैंट कमेटी के संपर्क में रहेंगे। डीजीपी ने आदेश दिए है कि हर धार्मिक स्थल खासकर श्री गुरुद्वारा साहिब में सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए जाएँ। सीसीटीवी कैमरों की कम से कम 30 दिन की रिकाडिंग हो तथा डीवीआर सीक्रेट जगह रखा जाए। रात के समय श्री गुरूद्वारा साहिब में लाईट का पुख्ता इंतज़ाम हो। पुलिस पैट्रोलिंग बढ़ाई जाए।
SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने इसका खुलासा करते हुए कहा कि कपूरथला में गुरुद्वारे के बाहर लोगों के हाथों मारा गया युवक बेअदबी नहीं बल्कि चोरी करने आया था। एसएसपी ने कहा कि अभी तक की जांच में यही सामने आया है कि युवक चोरी करने आया था। बेअदबी की कोशिश हुई ही नहीं। इसलिए जिन लोगों ने युवक को मारा है, उनके खिलाफ मर्डर का केस दर्ज किया जाएगा।
SSP खख ने कहा कि यहां आकर हमें पता चला कि निजामपुर मोड़ पर बने गुरुद्वारे के प्रबंधक बाबा अमरदीप सिंह ने रविवार सुबह 4 बजे आकर इसे देखा। गुरुद्वारे में बाहरी राज्यों के दो सेवादार भी रखे गए हैं। जब उन्होंने चेक किया तो देखा कि चोरी के लिए आया युवक बाहरी व्यक्ति है। उन्होंने अपने सेवादारों को कहकर उस युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट कर पूछताछ की गई।
SSP ने कहा कि वह मौके पर पहुंचे और देखा कि गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब ऊपर की मंजिल पर हैं। नीचे रहने के लिए कमरे बने हुए हैं। इस युवक को भी उन्होंने नीचे के कमरे में बंद कर रखा था। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई थी। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधकों से दोबारा पूछताछ की तो बताया कि आरोपी युवक ने जो जैकेट पहनी हुई थी, वह उनके सेवादारों की थी। शायद वह जैकेट चोरी करके ले जा रहा था।
खख ने कहा कि पुलिस ने यहां आकर लोगों को बहुत समझाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले ही वीडियो डाल दी थी। इसकी वजह से वहां भारी भीड़ इकट्ठी हो गई थी। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। इसके बावजूद लोग नहीं माने और उसे मार दिया गया। अब पुलिस सोशल मीडिया की वीडियो और दूसरे सबूतों के जरिए पूरे मामले की जांच करेगी।










